हरदोई। गांवों में विकास कार्य और भुगतान में गड़बड़ी पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने सरदापुर के निवर्तमान प्रधान और पंचायत सचिव को अंतिम नोटिस दिया है। सात दिन के अंदर साक्ष्य सहित जवाब मांगे हैं। चेतावनी दी कि जवाब न आने पर बकाया भू-राजस्व की भांति वसूली कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह कार्रवाई ब्लॉक टड़ियावां के गरगदिया निवासी दिलशाल के शिकायती पत्र पर कराई गई जांच पर शुरू की है। बताया कि नवंबर 2025 में मिली शिकायत पर उद्योग उपायुक्त ओर पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता से जांच कराई गई। जांच में अनूप कुमार के खेत से टीपू के मकान तक 300 मीटर खड़ंजा शिकायत के बाद लगवाया गया जबकि टीपू के मकान से प्रेम कुमार के खेत तक खड़ंजा नहीं लगा मिला। खड़ंजे में पीली ईंट लगी मिली और जगह-जगह धंसा मिला। काम जेसीबी से कराया गया था। करीब सात माह पहले यहां पर 11,850 रुपये भुगतान निकाला जा चुका था।
सरदापुर के मजरा बरगदिया में सामुदायिक शौचालय पूर्व प्रधान कमलेश अवस्थी के मकान के बाहर बनवाया गया है। इसी परिसर में चारदीवारी के अंदर ही बुद्धा, संजय शुक्ला और सत्यनारायण के मकान भी बने हुए हैं। इससे सामुदायिक शौचालय का उपयोग पूर्व प्रधान कमलेश अवस्थी निजी उपयोग में करते हैं। इसमें दोषी पाए जाने पर निवर्तमान प्रधान, वर्तमान प्रशासक गुड्डू और पंचायत सचिव सुधीर सिंह को अंतिम नोटिस दिया गया है।