हरदोई। श्रम विभाग के माध्यम से संचालित योजनाओं की स्थिति बेहद खराब मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई है। मुख्यमंत्री डैश बोर्ड पर श्रम विभाग को ई श्रेणी में रखा गया है। योजनाओं की प्रगति न होने पर डीएम ने श्रम एवं रोजगार विभाग के प्रमुख सचिव को सहायक श्रमायुक्त के विरुद्ध कार्रवाई के लिए संस्तुति भेजी है।
पंजीकृत श्रमिकों व उनके परिवारों के कल्याण के लिए श्रम विभाग के माध्यम से संचालित योजनाओं की अब मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर नियमित समीक्षा हो रही है। यहां पर सहायक श्रमायुक्त का पद रिक्त होने पर शासन ने सीतापुर के सहायक श्रमायुक्त उमेश कुमार को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा हुआ है। बताया गया कि सहायक श्रमायुक्त की ओर से योजनाओं के प्रति संवेदनशीलता न दिखाने से मातृत्व एवं शिशु कल्याण सहित तीनों योजनाएं को प्रगति की दृष्टि से ई श्रेणी में रखा गया है। इस पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने श्रम एवं रोजगार विभाग के प्रमुख सचिव को सहायक श्रमायुक्त के विरुद्ध कार्रवाई के लिए संस्तुति भेजी है। कहा है कि योजनाओं की प्रगति न होने से पात्र श्रमिक परिवारों को इसका लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।