भरावन। एक गांव निवासी व्यक्ति ने गांव के ही एक युवक पर बेटी को बहला फुसला कर तीन माह तक दुष्कर्म करके बेटी के गर्भवती करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने बताया कि इसमें आरोपी के दो साथियों ने भी उसका साथ दिया।
अतरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गांव निवासी हिमांशु उर्फ हर्षित उनकी 17 वर्षीय बेटी को कुछ समय से बहला फुसला कर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
इसमें अजय व राहुल उसकी मदद करते रहे हैं। शुक्रवार रात बेटी घर से गायब मिली। इस पर उसकी तलाश की, आशंका पर वह हिमांशू उर्फ हर्षित के घर पहुंचा तो बेटी वहां मौजूद मिली।
पीड़ित पिता ने बताया कि इसके बाद वह बेटी को प्राइवेट चिकित्सक के पास लेकर गया। जहां चिकित्सक ने बताया कि बेटी तीन माह की गर्भवती है। प्रभारी एसओ सोनू राजौरा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।