हरदोई। आर्य कन्या महाविद्यालय में कोविड-19 के दिशा निर्देशों को ध्यान में रखते हुए युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। विविध प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सोमवार को पहले दिन की प्रतियोगिताओं में गोला फेंक प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। रंजना यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सोमवार को महाविद्यालय परिसर में वार्षिक युवा महोत्सव का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. रानी भटनागर ने दीप प्रज्वलन कर किया। बीए द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिये कोरोना महामारी से बचाव के तरीके बताए और हाथ धोने के टिप्स दिए।
युवा महोत्सव में खेलकूद के पहले दिन गोला फेंक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गोला फेंक में 15 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बीए द्वितीय की रंजना यादव प्रथम, नैना कश्यप द्वितीय व बुशरा खान तृतीय स्थान पर रहीं। संपादन प्रभारी डॉ. स्मृति सिंह के नेतृत्व में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
59 से अधिक छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसी तरह पोस्टर प्रतियोगिता में प्रभारी डॉ. अंजू की देखरेख में स्वच्छ एवं हरित महाविद्यालय विषय पर छात्राओं ने हुनर का प्रदर्शन किया।
12 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन एवं तीन ने वहां मौजूद रहकर प्रतिभाग किया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर खुशी गुप्ता, क्षमा द्वितीय स्थान पर एवं पूजा गुप्ता तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।