हरदोई। कुछ दिनों से लगातार तपिश व उमस को झेल रहे लोगों को मंगलवार को राहत महसूस हुई। सोमवार की रात से शुरू हुई बूंदाबांदी व चली ठंडी हवाओं ने मौसम के तेवरों को काफी हद तक नरम कर दिया। मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार व गुरुवार को भी बारिश की संभावना जताई है।
सोमवार रात को बदली छाने और ठंडी हवाओं के चलने का क्रम जारी रहा। इसके बाद रात भर रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई। यही क्रम मंगलवार को भी जारी रहा।
इससे मौसम सुहाना हो गया। सुहाने मौसम में कोरोना कर्फ्यू के कारण लोग छतों पर या घर के बाहर सड़कों पर नजर आए। इधर, पशु-पक्षी भी पेड़ों पर चहकते देखे गए।
मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि मंगलवार को बूंदाबांदी के बाद निश्चित तौर पर लोगों को राहत मिली है। तापमान भी चार से पांच डिग्री तक नीचे आ गया है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री रिकार्ड किया गया था।
उन्होंने बताया कि तापमान सोमवार की अपेक्षा मंगलवार को करीब पांच डिग्री तक नीचे आ गया है। दो तीन दिनों में और भी राहत मिलने की उम्मीद है।
दो दिन और मौसम के सुहाना रहने की उम्मीद
मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि अभी बुधवार और गुरुवार को भी मौसम के सुहाने रहने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने बताया कि बुधवार को बारिश के बाद तापमान के अधिकतम 28 डिग्री तक आने की संभावना है।