हरदोई/हरपालपुर/पिहानी/टड़ियावां। जिले में 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, मगर बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में समस्या हुई। बारिश के कारण पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ। वेधशाला प्रभारी के अनुसार 24 घंटे में 33 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
जिले में बुधवार को शुरू हुई बारिश बृहस्पतिवार को भी जारी रही। रुक-रुक कर हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। तापमान कम होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं शहर के नघेटा रोड, आवास विकास कालोनी, नुमाइश चौराहा, अशराफ टोला, आजादनगर, नुमाइश पुरवा आदि क्षेत्रोंं में जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। वेधशाला प्रभारी आरसी वर्मा के अनुसार 24 घंटे में 33 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वेधशाला प्रभारी के अनुसार अभी और बारिश होने की संभावना है।
हरपालपुर प्रतिनिधि के अनुसार, बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। खेतों में फसलें लहलहा उठीं। कटियारी क्षेत्र में धान की खेती से जुड़े किसानों को लाभ मिला। कस्बा समेत क्षेत्र के गांवों में जलभराव व कीचड़ से स्कूली बच्चों समेत लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा।
टड़ियावां प्रतिनिधि के अनुसार, टड़ियावां-हरदोई रोड पर बक्खीपुरवा गांव के पास सत्येंद्र का ट्रक सड़क के किनारे खड़ा था। तेज आंधी और बारिश के कारण उसके ऊपर एक पेड़ गिर गया। इससे ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। पेड़ गिरने से यातायात अवरुद्ध हो गया। सड़क पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पेड़ को कटवाकर हटवाया।
पिहानी प्रतिनिधि के अनुसार, बुधवार को दिन से शुरू हुई बारिश बृहस्पतिवार को भी जारी रही। बारिश के साथ चलने वाली तेज हवाओं ने मौसम को सुहाना कर दिया। बारिश से कई स्थानों पर कीचड़ और जलभराव हो गया। इससे आवागमन में परेशानी हुई। कस्बा की साप्ताहिक बाजार में कीचड़ और जलभराव होने के कारण बाजार के दक्षिण, पूरब और उत्तरी रोड पर दुकानें लगाई गईं।