फोटो- 24- मेडिकल कॉलेज परिसर में भरा बारिश का पानी। संवाद
हरदोई। मेडिकल कॉलेज परिसर में बारिश का पानी भरने के कारण करीब तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली गुल होने से अस्पताल की कई महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित रहीं। जांच कराने पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा वहीं ऑपरेशन समेत अन्य चिकित्सकीय कार्य भी प्रभावित हुए।
बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे बारिश शुरू हो गई। मूसलाधार बारिश के चलते मेडिकल कॉलेज परिसर पानी से भर गया। इस कारण बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। एक्सरे, अल्ट्रासाउंड की जांचे बंद रहीं। बुधवार को मरीजों की भीड़ होने के बावजूद बारिश के चलते आपूर्ति बंद रही और मरीजों को जांच के लिए इंतजार करना पड़ा। कई मरीज बिना जांच कराए ही लौट गए। इतना ही नहीं बिजली न होने से मरीजों के हड्डी संबंधित ऑपरेशन भी नहीं हो सके। करीब तीन घंटे बाद परिसर में पानी कम होने पर बिजली सुचारू की जा सकी। इसके बाद ही जांचें हो सकीं और ऑपरेशन किए गए।
सीएमएस डॉ. चंद्र कुमार ने बताया कि नाला चोक होने की वजह से परिसर का पानी बाहर नहीं जा सका और जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई। मरीजों की सुरक्षा के लिए ही बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। पानी कम होते ही बिजली चालू कर दी गई।