माधौगंज में बारिश के बाद कुछ इस तरह पलट गई खेतों में खड़ी गेहूं की फसल। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शनिवार देर रात आई आंधी के साथ ही जिले के अलग-अलग हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। रविवार सुबह तक रुक-रुककर बारिश होती रही। आंधी के कारण कई जगह खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल पलट गई। कटी पड़ी सरसों की फसल को भी नुकसान हुआ है। बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।
माधौगंज प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार देर रात बेमौसम बारिश और आंधी के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पलट गई। किसान रामभजन व उमेश ने बताया कि गेहूं में बाली आ चुकी हैं, उनमें दाने आ रहे हैं। फसल पलटने के बाद दाने कमजोर हो जाएंगे, ऐसे में नुकसान तय है। यही नहीं सरसों की फसल भी खेतों में कटी पड़ी है।
बारिश होने से फसल को नुकसान पहुंचा है। मल्लावां प्रतिनिधि के अनुसार तेज आंधी व बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है। आंधी के कारण कस्बे व ग्रामीण क्षेत्र में कई जगह तार टूट गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शनिवार रात से बाधित हुई आपूर्ति रविवार दोपहर तक बहाल नहीं की जा सकी। पिहानी प्रतिनिधि के अनुसार आंधी व बारिश से गेहूं और आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। यहां भी बिजली संकट रहा। कस्बे में जगह जगह जलभराव और कीचड़ हो गया। कस्बे के अंदर स्थित सल्लिया मार्ग के निर्माणाधीन हिस्से में बारिश के कारण कीचड़ हो गया। राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई।