शाहाबाद (हरदोई)। आंझी शाहाबाद रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर दूर ट्रैक पर बुधवार सुबह युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस हत्या एवं आत्महत्या दोनोें पहलुओं पर जांच कर रही है।
अप रेल लाइन पर बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे लगभग 30 वर्षीय युवक व 24 वर्षीय युवती के शत विक्षत शव मिलने की सूचना पर सीओ व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मामला जीआरपी का होने की वजह से कोतवाली पुलिस लौट आई और जीआरपी ने पंचनामा भरा।
इस दौरान वहां जुटे आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। मौके पर शिनाख्तगी संबंधी कोई ऐसी चीज भी नहीं मिली। जीआरपी के मुताबिक युवती के माथे पर सिंदुर नहीं था। इससे अनुमान है कि वह अविवाहित है। युवती ने लाल रंग का सलवार कुर्ता पहन रखा था। जबकि युवक के शरीर पर पैंट शर्ट व स्वेटर था। पहनावे से ऐसा लगा कि दोनों मध्यम वर्गीय परिवार से हैं।
जीआरपी के दारोगा विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि संभव है कि दोनों ने किसी ट्रेन से छलांग लगाई हो और य ह भी संभव है कि उनकी हत्या के बाद किसी ने रेल लाइन पर फेंक दिया। इन दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है। दोनों के प्रेमी युगल होने की संभावना है। फिलहाल सही स्थित शव के शिनाख्त होने के बाद ही सामने आएगी।