संडीला। कस्बे के बाहर स्थित नज्जू खां क्रासिंग पर जल्द ही ओवरब्रिज बनवाया जाएगा। शनिवार को सांसद अशोक रावत ने उत्तर रेलवे के सीनियर डिवीजनल इंजीनियर विपिन शर्मा व उप्र सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर कमल कुमार श्रीवास्तव के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। सेतु निगम के अधिकारियों ने पुल निर्माण के लिए 43 करोड़ रुपये स्वीकृत होने की जानकारी दी। वहीं रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मंत्रालय को आठ करोड़ रुपये के बजट की डिमांड भेजी गई है।
रेलवे लाइन कस्बे के अंदर से गुजरी है, स्टेशन भी कस्बे में है। आवागमन के लिए स्टेशन से पहले नज्जू खां क्रासिंग व इसके बाद बरौनी व कस्बे में मुख्य मार्ग पर क्रासिंग है। तीनों क्रासिंग के बंद होने पर अक्सर यहां जाम लग जाता है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग यहां ओवरब्रिज बनवाने की मांग कर रहे हैं। तत्कालीन सांसद अंजूबाला के बाद मिश्रिख सांसद अशोक रावत ने इसको लेकर प्रयास किए। जिसके चलते नज्जू खां क्रासिंग पर पुल बनवाए जाने को मंजूरी मिल गई है। शनिवार को निरीक्षण कर अधिकारियों ने पुल निर्माण को लेकर तैयार किया गया नक्शा देखा और जरूरी जानकारियां लीं।
सीनियर डिवीजनल इंजीनियर विपिन शर्मा ने बताया कि बजट की फाइल मंत्रालय भेजी जा चुकी है। बजट स्वीकृत होते ही काम शुरू कराया जाएगा। वहीं सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर कमल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे द्वारा काम शुरू कराए जाने पर सेतु निगम भी कार्य प्रारंभ कराएगा।
इस मौके पर ईओ नगर पालिका वीपी सिंह, सौरभ शुक्ला, सुनील यादव, बबलू सिंह, अतुल तिवारी, ऋषभ खन्ना, नरेंद्र वाजपेयी, अंगूरी सिन्हा, शराफत अली, बउआ गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।