बाल विद्या भवन के मैदान पर चल रहे राकेश विक्रम सिंह मेमोरियल डिस्ट्रिक स्पोर्ट्स टूर्नामेंट में रविवार को क्रिकेट और फुटबाल मैच हुए। क्रिकेट में रफी अहमद किदवई इंटर कालेज की टीम ने फाइनल में स्थान पक्का किया। जबकि फुटबाल में बाल विद्या भवन की टीम ने आरआर कालेज की टीम को हराया।
क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार के दिन का खेल शिक्षक संघ अध्यक्ष शिव शंकर पांडेय ने स्वर्गीय राकेश विक्रम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर शुरू किया। टास जीतकर गुरु राम राय की टीम ने पहले बल्लेबाजी की और 62 रन का लक्ष्य दिया। जिसका पीछा करने उतरी रफी अहमद किदवई की टीम ने आसानी से स्कोर को प्राप्त कर लिया और मैच जीतकर फाइनल में पहुंच गई।
अंपायरिंग रोहित, दीपू व राघवेंद्र सिंह ने तथा स्कोरिंग व कमेंट्री आशूक खां व अमन मिश्रा ने की। वहीं फुटबाल टूर्नामेंट के अंतर्गत कई मैच खेले गए। टूर्नामेंट कमेटी अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह व सचिव कीर्ति सिंह व डा. सत्यपाल ने पूर्व प्रबंधक के चित्र पर माल्यार्पण किया।
पहला सेमीफाइनल मैच आरआर इंटर कालेज व बाल विद्या भवन की टीम के बीच खेला गया। बाल विद्या भवन 1-0 से मैच जीती। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मैच सेंट जेम्स व गुरु राम राय के बीच खेल गया। सेंट जेम्स ने 1-0 से मैच जीत लिया। सेंट जेम्स और बाल विद्या भवन के फाइनल मैच खेला गया। इसमें सेंट जेम्स की टीम 4-1 से मैच जीत गई। विजेता का चुनाव पेनाल्टी शूट आउट से किया गया। मैच रेफरी हंशराज कुशवाहा, श्याम नारायन त्रिवेदी रहे।