गरीब बेघरों को छत मुहैया कराने के लिए सूबे में सरकार ने डा. राम मनोहर लोहिया आवास योजना शुरू की है। आवास योजना से समग्र ग्रामों के गरीबों का चयन किया जाता है। शासन ने वित्तीय वर्ष 2015-16 के लाभार्थियों के चयन का निर्देश दिए हैं।
डॉ. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम योजना में चयनित गांवों में गरीब बेघर परिवारों को आवास देने का प्रावधान है। लोहिया ग्रामीण आवास के नाम से शुरू हुई इस योजना में गरीबों का आवास बनाने के लिए धनराशि दी जाती है। यह धनराशि 3.05 लाख रुपये निर्धारित है। इसमें 30 हजार रुपये सोलर सिस्टम लगाने के हैं।
इस रकम से 30 वर्ग फीट में आवास बनाया जाता है। सरकार ने इस योजना को अपनी प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल कर रखा है। हाल ही में वित्तीय वर्ष 2015-16 में समग्र गांवों में रहने वाले गरीब परिवार को आवास देने का आदेश दिया गया है।
इसके बाद प्रशासन ने 40 समग्र ग्रामाें का चयन किया है। जनपद में 40 समग्र ग्रामों में कुल 1100 आवासों का लक्ष्य हो सकता है। फिलहाल अपर आयुक्त ग्राम्य विकास हेमंत कुमार ने लक्ष्य निर्धारण के साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को लाभार्थियों का चयन और डीआरडीए की समिति से अनुमोदित करवाकर सूचना भेजने के निर्देश दिए हैं। अपर आयुक्त की ओर से निर्देश आने के बाद लाभार्थी चयन को लेकर तैयारी शुरू हो गई।