हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र के गांव ज्ञानपुरवा में गुरुवार रात नव वर्ष पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान थाने के दो सिपाहियों और सादी वर्दी में मौजूद क्राइम ब्रांच के सिपाही के बीच विवाद हो गया। पूछताछ को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। ऊपर तक मामला पहुंचने पर इसे रफा-दफा करने की कवायद शुरू हो गई। एसपी तक जानकारी पहुंची तो उन्होंने सीओ से पूरे मामले पर आख्या तलब की है।
ज्ञानपुरवा में गुरुवार रात कथित समाजसेवी ने नव वर्ष के उपलक्ष्य में नाच-गाने का कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें सांडी थाने में तैनात सिपाही प्रतीक कुमार और जयपाल मौजूद थे। क्राइम ब्रांच में तैनात सिपाही राहुल वर्मा भी वहां पहुंच गया। दोनों सिपाही पुलिस वर्दी में थे, जबकि राहुल वर्मा सादी वर्दी में था।
इसी दौरान सिपाहियों को कुछ ग्रामीणों ने बताया कि राहुल के पास असलहे हैं। अनहोनी की आशंका में दोनों सिपाही राहुल वर्मा से पूछताछ करने लगे। इसको लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों सिपाहियों में गुत्थमगुत्था होने के साथ मारपीट हो र्गई। इसी दौरान राहुल वर्मा ने खुद को क्राइम ब्रांच का सिपाही बताया तो मामला रफा दफा करने का प्रयास किया गया। घटना में घायल सिपाही ने प्राइवेट चिकित्सक से उपचार भी कराया। इस बारे में एसपी अमित कुमार ने कहा कि पूरा प्रकरण संज्ञान में आया है। सीओ से जांच रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।