मल्लावां (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरनमऊ में मंगलवार रात बहनोई को छोड़कर उन्नाव स्थित घर लौट रहे युवक की बाइक मल्लावां-बांगरमऊ मार्ग पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में युवक के पुत्र की मौत हो गई जबकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लखनऊ मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।
उन्नाव के सफीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खादिमअली खेड़ा निवासी रवि कुमार (35) पुत्र सोहन की बहन का ससुराल मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पूरनमऊ में है। मंगलवार को रवि अपने पुत्र राजा (9) के साथ बहनोई संदीप पुत्र रामनाथ को छोड़ने बाइक से पूरनमऊ गया था। देर रात रवि अपने पुत्र राजा के साथ घर लौट रहा था। मल्लावां-बांगरमऊ मार्ग पर गौरी चौराहा के निकट खराब ट्रक खड़ा था। इसी ट्रक में रवि बाइक समेत घुस गया। घटना में राजा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हेलमेट लगाए होने के बाद भी रवि को गंभीर चोट आई है। सीएचसी और जिला अस्पताल में हालत में सुधार न होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की बड़ी बहन काव्या (5) है, जबकि छोटा भाई छह माह का है।