मामूली विवाद पर कुछ दबंगों द्वारा शनिवार को पलिया
उपकेंद्र के लाइनमैन की पिटाई करने से क्षुब्ध विद्युत कर्मियों ने रविवार
को सात घंटों तक उपकेंद्र पर ताला डाल हड़ताल की। कर्मचारियों ने दबंगों पर
कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और दबंगों
के विरुद्ध कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।
विद्युत कर्मियों ने सात
घंटे तक आपूर्ति भी बंद रखी, जिससे लोगों को भी परेशानी हुई। कर्मचारियों
के हड़ताल की सूचना बड़े अफसरों को भी दी जा चुकी है। क्षेत्र के पलिया
उपकेंद्र पर तैनात लाइनमैन को कुछ दबंगों द्वारा पिटाई करने से विद्युत
कर्मियों में रोष व्याप्त है।
घटनाक्रम के अनुसार लाइनमैन राजीव कुमार
शनिवार की शाम को करीब आठ बजे चौराहे पर नाश्ता करने गए थे, वहीं एक दुकान
पर पलिया गांव के कल्लू उर्फ भिड़ाना व शुगरू निवासी गिरंहपुरवा तथा
रविंद्र सिंह निवासी कठेठा तथा अन्य अज्ञात लोग शराब पी रहे थे।
राजीव के
अनुसार उनके पहुंचते ही वह लोग किसी बात को लेकर उससे गाली गलौज करने लगे।
जिसका विरोध किया गया तो उक्त लोगों ने पिटाई करनी शुरू कर दी। किसी तरह
लोगों के बीच बचाव करने से वह भाग कर उपकेंद्र आ गया।
बताया कि घटना की
सूचना रविवार को प्रार्थना पत्र के माध्यम से पुलिस को दी गई, तो पुलिस ने
भी मामले को गंभीर नहीं लिया और जांच की बात कह कर टाल दिया। पुलिस द्वारा
घटना को गंभीरता से न लेने और नामजद आरोपियों को बुलाकर पूछताछ न करने से
गुस्साए विद्युत कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कर्मियों ने
उपकेंद्र के गेट पर ताला डाल दिया और इस दौरान विद्युत आपूर्ति भी बंद कर
दी, जिससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को काफी समस्याएं हुईं। विद्युत कर्मचारी
करीब सात घंटे तक उपकेंद्र पर ताला डाले हड़ताल पर डटे रहे।
बिजली कर्मियों
द्वारा की गई हड़ताल की जानकारी बड़े अफसरों को भी दी गई, जिस पर अफसरों
ने मामले की जानकारी ली है। प्रदर्शन में एसएसओ अतुल बाजपेयी, राजीव
कुमार, अश्वनी कुमार, संजीव, राजमंगल, जितेंद्र, कैलाश, अरविंद, मनोज, चंदर
और विश्वनाथ आदि मौजूद थे।