सपा राष्ट्रीय महासचिव व राज्य सभा सांसद नरेश
अग्रवाल ने कहा कि देश की अर्थ व्यवस्था को चीन व पाकिस्तान प्रभावित करने
में जुटे हुए हैं। इस ओर केंद्र सरकार को ध्यान देना चाहिए। देश हित में
कोई भी कार्य होने पर सपा पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई, सीमा
पर आतंकवाद पर केंद्र सरकार ठोस कदम उठाए।
वह शनिवार को बेसिक शिक्षा विभाग
की ओर से गांधी भवन सभागार में हुए टीचर सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे
थे। इस मौके पर उन्होंने टीचरों को सम्मानित किया। सांसद ने कहा कि देश
की सीमा पर बढ़ रहे आतंकवाद से देश के जवान शहीद हो रहे हैं। वहीं देश में
महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।
केंद्र सरकार को इस ओर गंभीरता से सोचना
होगा। केंद्र सरकार अगर देश हित में कोई निर्णय लेती है तो सपा हमेशा उनका
साथ देगी। उनका विरोध राजनैतिक स्तर पर है देश हित में नहीं। उन्होंने कहा
कि प्राथमिक शिक्षा विद्यार्थियों के लिए नींव का काम करती है।
यह यदि
कमजोर रह गई तो बच्चा आगे चल कर कुछ भी हासिल नहीं कर सकता, इसलिए सभी
टीचरोें का दायित्व है कि वह अपने दायित्वों को निर्वहन ईमानदारी से करे और
बच्चे की नींव को मजबूत करे। तभी वह आगे चल कर देश सफल नागरिक बन ऊंचे
ओहदे पर पहुंच सकेगा। उन्होंने का कि दूरस्थ गांव के बच्चों को भी शिक्षा
की आवश्यकता है।
कहा कि वहां पर भी टीचर होने चाहिए। विभाग उन स्थानों
पर भी टीचरों का नियुक्ति करे। बीएसए डा. बृजेश मिश्र ने कहा कि इस बार
टीचर सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों
टीचरों को सम्मानित किया जा रहा है। जिनका चयन बेहद ही ईमानदारी के साथ
किया गया है।
इसमें कोई भी शिक्षक पदाधिकारी, एबीआरसी, एनपीआरसी और परिचित
टीचर को शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने टीचरों को बेसिक शिक्षा को बेहतर
बनाने की अपील की। इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शिव शंकर
पांडेय ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के
सामने सांसद नरेश अग्रवाल ने दीप जलाकर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने
सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। टीचरों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम
में कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस मौके पर वित्त एवं
लेखाधिकारी संतोष मौर्या, जूनियर शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री योगेश
त्यागी, जिलाध्यक्ष सुनीता त्यागी, सपा नेता प्रदीप कुमार, ब्लाक प्रमुख
सुरसा संजय मिश्र समेत कई टीचर मौजूद थे।