जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में शनिवार
को भाजपा सांसद अंशुल वर्मा ने एेंचामऊ पुल के निर्माण को अभी तक प्रस्ताव न
भेजने पर नाराजगी व्यक्त की और कहा तत्काल प्रभाव से प्रस्ताव शासन को
भेजा जाए ।
विकास भवन में आयोजित बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा
करते हुए सांसद अंशुल वर्मा ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के
साथ निर्धारित समय में पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधि भी
राजनीति से ऊपर उठकर विकास के लिए कार्य करें।
सांसद ने कहा कि कस्तूरबा
विद्यालयाें, आश्रम पद्धति विद्यालय तथा नवोदय विद्यालय के निरीक्षण के
दौरान शैक्षिक गुणवत्ता बेहतर नहीं मिली थी, इसलिए इन स्कूलों की शिक्षा
व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। सदस्यों द्वारा क्षतिग्रस्त ऐंचामऊ पुल की
मरम्मत न कराने की बात पर सांसद ने कहा कि गत मीटिंग में भी मुद्दा उठा था,
पर फिर भी काम नहीं हुआ।
उन्होंने एक्सईएन शारदा नहर को एक सप्ताह में
प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। सांसद अंजू बाला ने
ग्राम पंचायत भड़ायल में इंदिरा आवासों की द्वितीय किश्त न भेजने की बात
कही। इस पर मुख्य विकास अधिकारी विजय गुप्ता ने बताया कि बजट प्राप्त होते
ही धनराशि स्थानांतरित की जाएगी।
सांसद ने विद्युत, जल निगम, नलकूप,
सिंचाई, समाज कल्याण, प्रोबेशन और कृषि विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों
की समीक्षा की। बैठक में विधायक बाबू खां, एसटी एससी आयोग सदस्य पीके
वर्मा, जिलाधिकारी रमेश मिश्र, परियोजना निदेशक प्रदीप यादव, डीसी मनरेगा
राजनाथ प्रसाद भगत, एनआरएलएम राजेश त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी कुमार
निर्मलेंदु, जिला पंचायत राज अधिकारी भास्कर दत्त पांडेय अधिकारी आदि मौजूद
थे।