जिला सहकारी बैंक की प्रबंध समिति की बैठक मंगलवार को
मुख्य शाखा में आयोजित हुई। बैंक प्रबंध समिति अध्यक्ष ने सहकारी बैंक
कर्मियों को पदोन्नत करने पर सहमति जताते हुए जल्द ही प्रक्रिया शुरू करने
की बात कही। बैठक में वित्तीय वर्ष 13-14 के दौरान हुुए गबन प्रकरण के तीन
आरोपियों को बुलाकर उनकी सुनवाई की गई, जिसमें व्यक्तिगत रूप से पक्ष रखने
के निर्देश दिए गए।
बैठक में अध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला ने कर्मियों को
पदोन्नति करने का फैसला किया है। कर्मियों को बताया कि 1993 के बाद से काफी
समय हो गया है और पदोन्नति नहीं की गई। पदोन्नति का कर्मियों को अरसे से
इंतजार है, पर अब उनका इंतजार समाप्त होने वाला है और पदोन्नति प्रक्रिया
जल्द ही शुरू करवाई जाएगी।
समिति ने वित्तीय वर्ष 13-14 का बोनस भी बैंक
कर्मियों को भुगतान करने का निर्णय किया है। बैठक में गत वर्ष बैंक में हुए
गबन के मामले को लेकर आरोपियों से पूछताछ की गई। वित्तीय वर्ष 13-14 में
हुए गबन के मामले में कुछ को आरोपी बनाया गया है, जिनमें से तीन को
व्यक्तिगत रूप से बुलाकर उनका पक्ष जाना गया।
बैठक में सचिव हरिश्चंद्र
भागर्व, सुरेश द्विवेदी, अवधेश पांडेय, नरेंद्र सिंह, शिवदत्त सिंह, राजीव
सिंह, नायब सिंह, डेरानाथ, श्रीकृष्ण गुप्ता, बहाउद्दीन मौजूद थे। उधर,
समिति द्वारा कर्मियों के हित में लिए फैसले का को-आपरेटिव बैंक स्टाफ
एसोसिएशन ने खुशी जताई।
मंत्री सुनील अवस्थी ने कहा कि वर्ष 93 के बाद से
अब तक कर्मियों को न तो पदोन्नति किया गया और वर्ष 13-14 का बोनस भी नहीं
मिला है, पर समिति अध्यक्ष व सदस्य ने पदोन्नति के साथ बोनस भी स्वीकृत
किया, जिसके प्रति आभार व्यक्त करते हैं। बैठक में भानू प्रताप सिंह,
श्यामनाथ बाजपेयी, जितेंद्र कुमार, राम किशोर मौजूद थे।