हरदोई। मनरेगा में जॉबकार्ड धारकों को रोजगार, सामग्री की खरीदारी के सापेक्ष फंड ट्रांसफर ऑर्डर से भुगतान की व्यवस्था है। समयबद्ध भुगतान के लिए कार्यक्रम अधिकारियों को सामग्री अंश के लंबित भुगतान का 45 प्रतिशत तक भुगतान किए जाने की अनुमति दी गई थी। कार्यक्रम अधिकारियों ने दरियादिली दिखाते हुए व्यवस्था में सेंध लगाकर आवंटन से अधिक भुगतान कर दिया।
मनरेगा में समयबद्ध और आवंटन की व्यवस्था में सेंध लगाते हुए विकास खंड सांडी, हरियावां, भरखनी, पिहानी और हरपालपुर के कार्यक्रम अधिकारियों ने तय सीमा से अधिक अनियमित रूप से भुगतान कर दिए हैं। बताया गया कि पिहानी में सामग्री अंश पर 2,74,00,000 में से 1,23,00,000 रुपये का भुगतान होना चाहिए था, लेकिन विभागीय पोर्टल पर फंड ट्रांसफर में कार्यक्रम अधिकारी ने 1,74,00,000 रुपया का भुगतान कर दिया। वहां पर आवंटन से 51,00,000 रुपये का अधिक भुगतान किया गया। सांडी में कार्यक्रम अधिकारी ने 26,00,000 रुपये, हरियावां में 1,74,00,000 रुपये, हरपालपुर में 95,72,000 रुपये और भरखनी में 1,38,00,000 रुपये से अधिक भुगतान किया गया है।
-
मनरेगा में वित्तीय वर्ष 2023-24 और वित्तीय वर्ष 2024-25 के सामग्री खरीदारी के लंबित भुगतान के लिए शासन से नोडल एकाउंट में रुपये जारी हुए थे। पोर्टल से ही भुगतान होना था। लंबित भुगतान को देखते हुए विकास खंडों को बकाया के सापेक्ष 45 प्रतिशत तक भुगतान की सीमा तय की गई थी। पोर्टल पर भुगतान का विवरण देखने पर कई विकास खंडों के कार्यक्रम अधिकारियों ने मनमानी की है। ऐसे कार्यक्रम अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया जा रहा है। संतोषजनक जवाब न आने पर उत्तरदायित्व तय किया जाएगा। संबंधित कार्यक्रम अधिकारी और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सौम्या गुरूरानी, सीडीओ