हरदोई। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पर हुई टिप्पणी से कांग्रेसी भड़क गए। आक्रोशित कांग्रेसियों ने सोमवार को एएसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश सचिव विक्रम पांडे ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि सोमवार को भाजपा के एक नेता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली थी। जिस पर शहर के एक युवक ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पर अमर्यादित टिप्पणी की। जिसमें आरोपी ने महिलाओं को भी अपमानित किया है। युवक की इस हरकत से भड़के जिले के कांग्रेसियों ने सोमवार को एएसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एएसपी ने मामले की जांच कराने की बात कही है। इस मौके पर शशिभूषण शुक्ला शोले, अमलेंद्र त्रिपाठी, ओमेंद्र वर्मा, सुनीता मित्रा ,देवेंद्र विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।