फोटो-26- मेडिकल कॉलेज में नए पर्चा काउंटर से पर्चा बनवाते मरीज। संवाद
- मरीजों को लंबी लाइनों से मिलेगा छुटकारा, चार अतिरिक्त काउंटर बढ़ाए
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मेडिकल कॉलेज में पर्चा बनवाने के लिए अब मरीजों को लंबी लाइन में नहीं लगना होगा। पर्चा बनाने के लिए अब चार अतिरिक्त काउंटर बढ़ा दिए गए हैं। ऐसे में अब मरीजों को काफी राहत मिल गई है।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला अस्पताल में मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए लंबी लाइनों में लगकर परेशान होना पड़ रहा था। अभी तक पर्चा बनवाने के लिए पांच काउंटर संचालित हो रहे थे। जिनमें दो पुरूष, एक महिला, एक विकलांग और एक वृद्धजन काउंटर शामिल थे।
मरीजों की अधिक भीड़ के कारण पर्चा काउंटर पर काफी लंबी लाइन लगी रहती थी। लंबी लाइन की वजह से मरीजों को पर्चा बनवाने में काफी समय लग जाता था। मरीजाें की बढ़ रही परेशानी को देखते हुए मेडिकल कॉलेज ने अब पर्चा काउंटरों पर इजाफा कर दिया गया।
प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि ओपीडी की इमारत के सामने ही पर्चा काउंटर बढ़ाए गए हैं। पांच काउंटर बढ़ाए जाने हैं, चार काउंटरों का संचालन कर दिया गया है। इससे अब मरीजों को लंबी लाइन में परेशान नहीं होना पड़ेगा।