हरदोई। शहर के उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज सहित अन्य बिजली की समस्याओं से समाधान की उम्मीद जगी है। इसके लिए करीब 50 लाख से काम कराया जाएगा। विधायक निधि से काम कराने के लिए आबकारी मंत्री ने प्रस्ताव दिए हैं। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण ने उपभोक्ताओं के हित को देखते हुए प्रक्रिया शुरू करा दी है वहीं सीडीओ ने बिजली निगम से कार्यस्थल की प्रमाणित प्रति तलब की है।
बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को विभाग के माध्यम से सुदृढ़ न करा पाने और रुपये के अभाव को देखते हुए आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने अपनी विधायक निधि से हाथ बढ़ाए हैं। उन्होंने विधायक निधि से दो प्रस्ताव में करीब 50 लाख रुपये बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए दिए जाने का प्रस्ताव दिया है। इसमें नुमाइशपुरवा, सुभाषनगर आदि मोहल्लों में उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या से छुटकारा दिलाने के काम कराया जाना शामिल है।
कार्यस्थल का कराया जाएगा सत्यापन
विधायक निधि से कराए जाने वाले कामों की स्वीकृति से पहले कार्यस्थल का सत्यापन भी अनिवार्य है। ऐसे में जिला ग्राम्य विकास अभिकरण ने आबकारी मंत्री के प्रस्ताव पर बिजली निगम से कराए जाने वाले कामों के कार्यस्थलवार सूची मांग ली है। बताया कि बिजली निगम ने संभावित स्थल बताए हैं लेकिन निगम के अधिकारी की तरफ से अधिकृत तौर पर प्रतिलिपि नहीं मिली है। कार्यस्थल का सत्यापन कराया जाएगा।
सदर विधायक ने अपनी निधि से बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के काम कराने के लिए दो प्रस्ताव दिए हैं। प्रस्तावों पर स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। वहीं बिजली निगम के अभियंता से कार्यस्थल की प्रमाणित सूची मांगी है ताकि कार्यस्थल का सत्यापन कराया जा सके। सूची आते ही सत्यापन कराते हुए काम कराने के लिए बिजली निगम को रुपये दिए जाएंगे। -अशोक कुमार मौर्य, परियोजना निदेशक, डीआरडीए