हरियावां थाना क्षेत्र के गांव नयागांव में पड़ोसी गांव के प्रधान की कार रविवार दोपहर कीचड़ में फंस गई। कार सवार प्रधान ने पास के घर के बाहर बैठे युवक से गाली गलौज की।
युवक ने इसकी शिकायत थाने में की तो प्रधान ने साथियों के साथ पीड़ित के घर पर धावा बोल दिया। युवक के साथ मारपीट कर फायरिंग भी की। इसमें युवक और उसके चाचा घायल हो गए। तहरीर मिलने पर पुलिस ने प्रधान समेत छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
नयागांव निवासी आरिफ पुत्र अबरार रविवार दोपहर घर के बाहर बैठा था। इस दौरान कार से साथियों के साथ गांव पहुंचे मनीपुर ग्राम सभा के प्रधान कमरुदीन की कार आरिफ के घर के सामने कीचड़ में फंस गई।
इस पर प्रधान कमरुद्दीन ने आरिफ के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। आरिफ व उसके चचेरे भाई फारुख ने डायल 112 पर फोन कर दिया, जिस पर पुलिस मौके पर आ गई। आरिफ के मुताबिक परिचित प्रधान को देख पुलिस वापस चली गई। कुछ देर बाद प्रधान और उसके साथी भी मौके से चले गए।
भाई तारिक ने बताया कि इसके बाद वह थाने गया और पुलिस को तहरीर दी। प्रधान कमरुदीन शाम को साथी दीनदयाल पुत्र पोहकर, यूनुस पुत्र यासीन निवासीगण हरसिंगपुर थाना टड़ियावां, रफीक पुत्र अनीस, अब्बास पुत्र अब्दुल रहमान, दिलशाद पुत्र बेंचे निवासी नयागांव थाना हरियावां के साथ उसके घर पर आया और आरिफ के साथ मारपीट करने लगा।
परिवार के कुछ लोगों ने बीच बचाव कराने का प्रयास किया तो आरोपी अवैध असलहों से फायरिंग करने लगे। गोली लगने से वह और उसके चाचा इश्तेयाक घायल हो गए। परिजनों ने उसे व चाचा को सीएचसी पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एसओ अरुणेश गुप्ता ने बताया कि मारपीट में दो लोग घायल हुए हैं। गांव में फायरिंग होने की सूचना मिली है, लेकिन किसी के गोली लगने की जानकारी नहीं है। तारिक की तहरीर के आधार पर प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ मारपीट व बलवे की रिपोर्ट दर्ज की गई है।