फोटो- 27- विद्युत पोल पर चढ़कर केबल बांधता विद्युत निगम का कर्मचारी। स्रोत : विभाग
- शहर भर में कई उपकेंद्रों पर बिजली की रही आवाजाही
- बारिश के बीच बिजली न मिलने से उपभोक्ता रहे बेहाल
संवाद न्यूज़ एजेंसी
हरदोई। रविवार देर रात से सोमवार को हुई बारिश के चलते शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था एक बार फिर पटरी से उतर गई। बारिश के दौरान 33 केवी लाइन का केबल बॉक्स जलने से सांडी रोड उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति करीब पांच घंटे तक ठप रही। इससे उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, शहर के कई अन्य उपकेंद्रों पर भी बिजली की आवाजाही बनी रही।
मूसलाधार बारिश की वजह से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में बिजली व्यवस्था ध्वस्त रही। बारिश के चलते करीब साढ़े 10 बजे सांडी रोड उपकेंद्र की बिजली गुल हो गई। 33 केवी लाइन में खराबी आने के बाद बिजली कर्मचारियों को पेट्रोलिंग कर फाल्ट तलाशना पड़ा। जांच के दौरान एफसीआई गोदाम के पास जंगलों में 33 केवी पोल पर केबल बॉक्स जलने की जानकारी हुई। फाल्ट को सुधारने के लिए कर्मचारी मौके पर पहुंचे लेकिन पोल के नजदीक तालाब होने की वजह से पानी भरा होने के कारण काफी दिक्कतें हुईं। सीढ़ियों से किसी तरह कर्मचारियों ने मरम्मत का काम शुरू किया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर साढ़े तीन बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी। इसके बाद भी बार-बार ट्रिपिंग के चलते उपभोक्ता परेशान होते रहे। दूसरी तरफ, आरटीओ उपकेंद्र की करीब 12 बजे 33 केवी की मेन सप्लाई फेल हो गई। दो घंटे बाद आपूर्ति सुचारू हो सकी। मन्नापुरवा उपकेंद्र पर भी इनकमिंग लाइन में फाल्ट के चलते तिरुपति सॉल्वेंट, टाउन फर्स्ट और लालपालपुर देहात फीडर की आपूर्ति डेढ़ घंटे तक गुल रही। महोलिया शिवपार उपकेंद्र की 33 केवी लाइन का भी सुबह साढ़े छह बजे ब्रेकडाउन हो गया। दोपहर करीब एक बजे शहरी क्षेत्र की आपूर्ति सुचारू हुई। जबकि भरिगवां समेत अन्य गांवों में दो बजे के बाद आपूर्ति सुचारू हुई। उपखंड अधिकारी प्रेमराज ने बताया कि बारिश के चलते कई स्थानों पर फाल्ट होने से आपूर्ति बाधित रही।
इनसेट
बारिश से गई बिजली 12 घंटे बाद हुई चालू
हरियावां। रविवार की रात मूसलाधार बारिश के चलते कस्बे के विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी की मेन सप्लाई फेल हो गई। इससे रात में बिजली चली गई। इससे कस्बा समेत उपकेंद्र के पांच फीडर से जुड़े करीब 100 गांवों की बिजली ठप हो गई। ऐसे में करीब 15 हजार उपभोक्ताओं के घरों में अंधेरा पसरा रहा। सुबह भी बिजली नहीं आई। लोगों को सबसे अधिक पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा। लगातार 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति न मिलने से लोगों में विद्युत निगम के प्रति गुस्सा देखने को मिला। उपभोक्ता कमल किशोर, श्यामू व अमित ने कहा कि लाइनों की मरम्मत के लिए बजट आता है, इसके बाद भी फाल्टों पर लगाम नहीं लग रहा है।