हरियावां। बृहस्पतिवार को आंधी और बारिश के चलते बंद की गई बिजली आपूर्ति 26 घंटे बाद भी सुचारू नहीं हुई। इससे हरियावां उपकेंद्र से जुड़े करीब 200 से अधिक गांव पूरी रात अंधेरे में रहे। शुक्रवार की दोपहर को भी बिजली नहीं आई। बिजली विभाग के अधिकारियों को रात में फोन भी किए गए, लेकिन उन्होंने मोबाइल ही बंद कर लिए। इससे गांव वालों में भारी रोष व्याप्त है।
मन्नापुरवा स्थित 132 केवी उपकेंद्र से हरियावां को बिजली सप्लाई दी जाती है। बृहस्पवितार की दोपहर को करीब तीन बजे अचानक तेज हवाएं चलीं और उसके बाद बारिश भी हुई। हवा चलते ही बिजली काट दी गई। बारिश रात को दस बजे तक बंद हो गई, लेकिन बिजली विभाग ने विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं की। उपभोक्ताओं ने फोन लगाया तो 33 केवी लाइन में फाॅल्ट की बात बताई गई और इसके बाद बिजली विभाग के जिम्मेदारों ने मोबाइल फोन ही स्विच ऑफ कर दिया।
उपकेंद्र से आपूर्ति बंद होने से हरियावां समेत 200 गांवों के 12 हजार घरों की बिजली गुल रही। रात भर लोग करवटों में रात काटते रहे, सुबह भी बिजली नहीं आई। उपभोक्ता बिजली के अभाव में पानी के लिए भी तरस गए। शुक्रवार को दोपहर तक आपूर्ति सुचारू नहीं हुई। भीषण गर्मी में बच्चे व बुजुर्ग परेशान दिखाई दिए। अवर अभियंता रजनीकांत ने बताया बरसात होने के कारण बिजली फॉल्ट हुई है। आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास किया ज रहा है।