फोटो-26-मेडिकल कॉलेज के गेट के पास लगा पोस्टर। वीडियोग्रैब
- हरदोई-सांडी-गुरसहायगंज रेल मार्ग का मामला, रातों रात हटे
- सांडी रेल लाओ संघर्ष समिति की ओर से लगाए गए पोस्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। हरदोई से सांडी होते हुए गुरसहायगंज तक रेलवे लाइन का काम शुरू न होने को लेकर सांसद पर सवाल उठे हैं। सांडी रेल लाओ संघर्ष समिति की ओर से वादा खिलाफी कब तक शीर्षक से पोस्टर बृहस्पतिवार रात शहर में अलग-अलग स्थानों पर चस्पा कर दिए गए। हालांकि पोस्टर सुबह होते-होते गायब भी हो गए।
समिति के संचालक डॉ. पंकज त्रिवेदी कई वर्षों से हरदोई से गुरसहायगंज तक रेलवे लाइन का निर्माण कराने की मांग कर रहे हैं। बृहस्पतिवार रात शहर में मेडिकल कॉलेज के गेट, सांसद आवास के बाहर समेत कई सार्वजनिक स्थलों पर कुछ पोस्टर चस्पा नजर आए। इनमें सांसद से रेलवे लाइन न बनने को लेकर सवाल उठाते हुए वादा खिलाफी तक लिखा गया है। हालांकि रातों रात ही पोस्टर हटवा भी दिए गए। हालांकि पुलिस से लेकर संघर्ष समिति के जिम्मेदार तक इस पर बोलने से बचते रहे।
इनसेट
सांसद बोले-धैर्य रखना चाहिए
सांसद जय प्रकाश ने बताया कि हरदोई से सांडी होते हुए गुरसहायगंज तक रेल लाइन बनवाने का जिक्र रेलवे की पिंक बुक में है। इस कार्य के लिए 2019 से लगातार प्रयास किया जा रहा है। नियम 377 के तहत और फिर शून्य प्रहर में भी वह यह मामला उठा चुके हैं। बताया कि रेल मंत्री से इस बारे में चर्चा हो चुकी है। तकरीबन 1400 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट है। थोड़ा समय लग रहा है लेकिन सभी को धैर्य रखना चाहिए।