हरदोई। लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में मंगलवार को भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई। जिसमें ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए प्रत्याशियों का पैनल बनाए जाने पर संक्षिप्त चर्चा हुई। बाद में तय हुआ कि दावेदारों का पैनल अब तीन जुलाई को होने वाली बैठक में तैयार होगा। फिलहाल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की रणनीति तय की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव तीन जुलाई को है। इस चुनाव के बाद ब्लाक प्रमुख चुनाव की संभावना भी जताई जा रही है। ऐसे में भाजपा ने ब्लाक प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी चयन की तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को दावेदारों के नामों का पैनल तैयार करने के लिए ही कोर कमेटी की बैठक बुलाई गई थी।
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक प्रदेश उपाध्यक्ष और जिला प्रभारी प्रकाश पाल ने ब्लाक प्रमुख चुनाव में प्रत्याशिता के लिए आवेदन करने वाले लोगों की सूची बैठक में पढ़ी। इनकी जमीनी हकीकत विभिन्न माध्यमों से तीन जुलाई से पहले पता कर लेने के निर्देश दिए। पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लंबे अंतर से जीतने का दावा भी बैठक में किया। उन्होंने चुनाव में जिला पंचायत सदस्यों के मतदान प्रशिक्षण से लेकर अन्य तैयारियों तक की जानकारियां दीं। भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने भी चुनावी रणनीति के बारे में जानकारी दी।
बैठक में राज्यसभा सदस्य डॉ. अशोक वाजपेयी, सदर सांसद जय प्रकाश, सदर विधायक नितिन अग्रवाल, शाहाबाद विधायक रजनी तिवारी, सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा, संडीला विधायक राज कुमार अग्रवाल, गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री और राम बहादुर सिंह, जिला महामंत्री अजीत सिंह बब्बन, अनुराग मिश्रा, ओम वर्मा, सतेंद्र राजपूत भी मौजूद रहे।
मिश्रिख सांसद अशेाक रावत, एमएलसी अवनीश सिंह, बिलग्राम मल्लावां विधायक आशीष सिंह आशू और सांडी विधायक प्रभाष कुमार अलग अलग कारणों से बैठक में नहीं पहुंच सके।