हरपालपुर। बिना अनुमति चल रही भारतीय किसान मजदूर यूनियन दशहरी की ब्लॉक पर आयोजित पंचायत को पुलिस ने बंद करा दिया। पंचायत में शामिल होने पर जा रहे कार्यवाहक जिलाध्यक्ष को पलिया तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। इस बीच भाकियू दशहरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष यादव मौके पर पहुंचे और ब्लॉक के सामने धरना शुरू कर दिया। एसडीएम ने ज्ञापन लेकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पर भाकियू दशहरी की ओर से पंचायत का आयोजन किया गया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं के साथ पंचायत में शामिल होने जा रहे कार्यवाहक जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह यादव को पलिया तिराहे पर रोक लिया। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष के आगे जाने की जिद पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया।
इस बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष यादव कस्बा पहुंच गए और पंचायत बंद कराए जाने व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष को हिरासत में लिए जाने पर नाराजगी जता धरने पर बैठ गए। एसडीएम प्रत्यूष पांडेय ने उनसे बात की। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष को छोड़ जाने के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद भाकियू दशहरी के नेताओं को ज्ञापन सौंप कर प्रदर्शन समाप्त किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पुनीत मिश्रा, राम सिंह यादव, मैनुद्दीन, पुष्पेंद्र यादव, इरशाद कुरैशी व इरफान अहमद आदि मौजूद रहे।
ज्ञापन में यह मांगें रहीं शामिल
एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में भाकियू के पदाधिकारियों ने कहा कि डीएपी न मिल पाने से किसानों फसलों की बुवाई नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद दिलाई जाए। गोवंशों को पशु आश्रय स्थल पहुंचाया जाए। धान क्रय केंद्र शुरू किए जाएं।