हरदोई। पिहानी के महमूदपुर सरैयां गांव में शनिवार की शाम चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें छह लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महमूदपुर सरैयां गांव में हाल ही में सम्पन्न हुए पंचायत चुनाव को लेकर दो पक्षों में रंजिश चली आ रही है। शनिवार की शाम दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। गाली गलौज के बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे व धारदार हथियार चले। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष से रिजवान (35) व यूसुफ अली (26) घायल हो गए।
दूसरी ओर से अंसार हुसैन (22), राज हैदर (30), मुनाजिर (45) व मजहर अली (36) को भी चोटें आईं हैं। दोनों पक्षों ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि एक पक्ष से रिजवान की तहरीर पर मेहंदी हसन, इसरार, राज हैदर व अंसार के खिलाफ एवं दूसरे पक्ष से अंसार हुसैन की तहरीर पर रिजवान, मोहम्मद नबी, मोहम्मद अहमद व मोहम्मद हुसैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।