फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रशासन की कवायद पर पानी फेर रहे एल-2 में तैनात कर्मचारी

विज्ञापन
एल-2 अस्पताल के कर्मचारियों से जानकारी लेते डीएम अविनाश कुमार। संवाद - फोटो : HARDOI
विज्ञापन
हरदोई। कोविड-19 के एल-2 अस्पताल की व्यवस्थाएं सुधर नहीं पा रही हैं। ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है, फिर भी मरीजों को तड़पना पड़ रहा है। ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मी वार्ड में भर्ती मरीजों को दवा देने जाने से कतरा रहे हैं। डीएम अविनाश कुमार शनिवार देर रात और फिर रविवार को कई घंटे तक खुद ही एल-2 अस्पताल में मौजूद रहे। व्यवस्थाओं में सुधार लाने की कोशिशें देर रात तक जारी रहीं।
विज्ञापन

जनपद में कोरोना संक्रमितों के लिए कोविड-19 का एल-2 अस्पताल लखनऊ रोड पर स्थित 100 शय्या संयुक्त चिकित्सालय में बनाया गया है। जब पूरे प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी को लेकर हाहाकार मचा हुआ था, तब भी यहां के एल-2 अस्पताल में पर्याप्त ऑक्सीजन की व्यवस्था थी, लेकिन अस्पताल में तैनात कर्मचारियों ने लापरवाही करने में कसर नहीं छोड़ी। एल-2 अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों का दावा है कि ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध होने के बाद भी कर्मचारी संक्रमितों को ऑक्सीजन लगाने के लिए घंटों नहीं आते। बहरहाल विभिन्न माध्यमों से इसकी जानकारी डीएम अविनाश कुमार को हुई तो शनिवार देर रात वह एल-2 अस्पताल पहुंचे और यहां की स्थिति जानी। हालात में सुधार के उपायों पर सीएमओ डॉ. एसएम त्रिपाठी, एसीएमओ डॉ. स्वामी दयाल और जिला चिकित्सालय के प्रभारी चिकिसा अधीक्षक डॉ. पंकज मिश्रा से चर्चा की।
रविवार को भी दोपहर में डीएम अविनाश कुमार स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों के साथ एल-2 अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने चिकित्सकों के अलावा वार्ड ब्वाय व अन्य कर्मचारियों से भी बातचीत कर कार्य करने में आ रही परेशानियों की जानकारी ली।
विज्ञापन

चिकित्सक और एसीएमओ के बीच हुई तीखी झड़प
कोविड-19 अस्पताल में व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से चलाने के लिए भेजे गए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और एल-2 अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक चिकित्सक के बीच जमकर तकरार हुई। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक संबंधित चिकित्सक ड्यूटी पर होने के बाद भी वार्ड में भर्ती संक्रमितों से उनका हाल लेने के लिए नहीं जा रहे थे। इस पर एसीएमओ ने सख्त रुख अपना लिया तो दोनों के बीच तीखी झड़प हो गई। हालांकि बाद में कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप से पूरा मामला शांत हुआ।
एसडीएम सदर और सीओ सिटी ने भी लगाई एल-2 अस्पताल की दौड़
रविवार की सुबह एल-2 अस्पताल में भर्ती कुछ मरीजों के तीमारदारों ने अव्यवस्थाएं देखकर नाराजगी जताना शुरू कर दिया। इन तीमारदारों का रुख आक्रमक होने लगा तो इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासन को भी दी गई। कुछ ही देर में एसडीएम सदर सौरभ दुबे और सीओ सिटी विकास जायसवाल एल-2 अस्पताल पहुंच गए। यहां उन्होंने तीमारदारों को समझा बुझाकर एल-2 अस्पताल से दूर रहने को कहा और सभी व्यवस्थाएं यथासंभव दुरुस्त कराने का भरोसा भी दिलाया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने एसीएमओ डॉ. स्वामी दयाल से हालात सुधारने पर चर्चा की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें