हरदोई। व्यापारियों और उद्यमियों पर हो रही आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा। अपर पुलिस महानिदेशक ने ये निर्देश सभी जिलों में भेजे हैं। निर्देश प्राप्त होने के बाद तैयारी शुरू कर दी गई है।
इसका प्रभारी जनपद में नियुक्त पुलिस उपाधीक्षक होगा। पुलिस उपाधीक्षक की सहायता के लिए दो आरक्षी भी तैनात किए जाएंगे। प्रकोष्ठ में एक कंप्यूटर की भी व्यवस्था होगी। व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ में जनपद के सभी थानों में व्यापारियों से संबंधित पंजीकृत अभियोगों के अभिलेखों का केंद्रीय रूप से रख रखाव किया जाएगा। अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था दलजीत सिंह चौधरी के जारी दिशा निर्देशों में प्रत्येक माह अपराध गोष्ठी में व्यापारियों से संबंधित अभियोगों की प्रगति की समीक्षा पुलिस अधीक्षक से कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। यही नहीं यह व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ इस समीक्षा बैठक में व्यापारियों की दर्ज कराई गई प्राथमिकी, शिकायतों व समस्याओं के निराकरण की प्रगति का सारांश बनाकर प्रस्तुत करे।
पुलिस उपाधीक्षक तैनात कर मांगी गई सूचना
हरदोई। अपर पुलिस महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी के जिले में आए पत्र में पुलिस अधीक्षक को प्रकोष्ठ गठित कर जल्द से जल्द पुलिस उपाधीक्षक व दो आरक्षियों के नामों को तैनात कर सूची भेजने को कहा गया है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने जताई खुशी
हरदोई। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गौर की अगुवाई में व्यापारियों ने इस निर्णय पर खुशी जताई है। बताया कि मंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यमंत्री संदीप बंसल ने प्रदेश में बढ़ रहे व्यापारियों के उत्पीड़न व घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री से प्रत्येक जिले में प्रकोष्ठ स्थापित करवाने का अनुरोध किया था जिस पर यह निर्णय लिया गया। अब्बाद हुसैन, अशोक गुप्ता, लियाकत खां, सुरेंद्र रस्तोेगी, हरिप्रताप सिंह, दुर्गेश गुप्ता, मनीष चौहान, शिवसेवक गुप्ता आदि मौजूद रहे।