सांडी क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी के साथ लूटपाट करने वाले अंतर्जनपदीय
गिरोह में वकील और एक चैनल का रिपोर्टर भी शामिल था। पुलिस ने इस गिरोह के
नौ सदस्यों को धर दबोचने का दावा करते हुए 45 लाख का माल बरामद किया है।
लूटकांड को अंजाम देने वाले गैंग में लखनऊ, कानपुर, उन्नाव और आजमगढ़ के
सदस्य शामिल थे।
खुलासा करने वाली टीम को एसपी ने पुरस्कृत करने का ऐलान
किया है। साथ ही व्यापारियों ने भी पुलिस टीम को इनाम देने घोषणा की। सांडी
में 26 जनवरी को सर्राफा व्यापारी मुकेश गुप्ता के साथ हुई 50 लाख की लूट
का मामला पुलिस के लिए चुनौती बन गया था।
इस मामले को लेकर व्यापारियों ने
प्रदर्शन भी किया था। एएसपी पूर्वी वीसी दुबे के नेतृत्व में गठित टीम व
सर्विलांस टीम ने बदमाशों की छानबीन शुरू की। शनिवार को हरपालपुर क्षेत्र
के ग्राम बैठापुर निवासी चंद्रभान सिंह के घर लूट की धनराशि व जेवर का
बंटवारा करने को एकत्रित हुए अभियुक्तों को धर दबोचने का दावा किया।
उनके
पास से लूट की 45 लाख रुपये के सोने के आभूषण और नगदी बरामद किए। एक
पिस्टल, एक बंदूक, दो तमंचा बरामद हुए। एसपी के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों
में कानपुर चकेरी के पवन कुमार, सत्येंद्र सिंह तोमर उर्फ पप्पू, उन्नाव
शहर कोतवाली के श्रीकांत उर्फ टीटू तिवारी।
माखी थाना क्षेत्र के कुसेली
खेड़ा निवासी हृदेश उर्फ भन्नू यादव, हरदोई के माधौगंज थाना क्षेत्र के
डेढ़नर सरैया निवासी संजय कुमार उर्फ झब्बू, हरपालपुर के बैठापुर निवासी
चंद्रभान सिंह सांडी के मीठाकुआं निवासी प्रवीण कुमार ऊर्फ बउआ, चिरागपुर
बेहटी निवासी सूर्यभान सिंह एवं आजमगढ़ जिले के देवगांव थाना क्षेत्र के
करिया गोपालपुर निवासी संजय गौतम शामिल है।
संजय खुद को टीवी जर्नलिस्ट बता
रहा है, जबकि आजमगढ़ का मूल निवासी और वर्तमान में लखनऊ में रहने वाला
अधिवक्ता भागने में सफल रहा। उसे दबोचने के लिए छापेमारी की जा रही है।
इनके पास से एक वीडीओ कैमरा, माइक और जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार
एसोसिएशन के कार्ड पर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क का कार्ड मिला है।
एसपी ने
लूटकांड को डकैती में तरमीम करने के निर्देश दिए है। साथ ही पुलिस टीम को
पांच हजार रुपये का इनाम दिया। इस मौके पर एएसपी पूर्वी वीसी दुबे, एएसपी
पश्चिमी दिनेश त्रिपाठी, सीओ हरपालपुर/क्राइम नितेश सिंह, सीओ बिलग्राम
विजय त्रिपाठी, एलआईयू प्रभारी हारून रशीद आदि मौजूद थे।
उधर, टीम को
डीआईजी की ओर से 15 हजार और आईजी जोन की ओर से 20 हजार रुपये के इनाम देने
की घोषणा की गई। इसके अलावा सर्राफा व्यापारी की ओर से एक लाख एक, मंडी
व्यापार मंडल की ओर से 51 हजार, सपा जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह यादव वीरे
की ओर से 25 हजार रुपये देने की घोषणा की गई।