हरदोई। सीसीटीवी, कंप्यूटर, प्रिंटर, प्रोजेक्टर के साथ प्रत्येक कक्षा में स्मार्ट टीवी लगने के बाद प्राथमिक विद्यालय पिरोजापुर जनपद के स्मार्ट विद्यालयों में शुमार हो गया।
बावन ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय पिरोजापुर के स्मार्ट विद्यालय के रूप में विकसित होने के बाद मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि समन्वय के साथ जिले के बेसिक विद्यालयों की सूरत बदल रही है। कहा, अधिकारियों से घबराएं नहीं, उनके मार्गदर्शन की सहायता से विद्यालय विकास की योजना बनाएं। इस दौरान उन्होंने न्याय पंचायत में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें राजीव कुमार सिंह, सत्येंद्र कुमार श्रीवास्तव, सुशील मिश्रा, मिथिलेश कुमारी, अरुण कुमारी, वंदना गुप्ता, संतोष कुमार शामिल रहे।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी इंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षकों के इस नवाचार से समाज व बच्चों को नई जानकारी प्राप्त करने में आसानी होगी व बच्चे आसानी से विषय वस्तु को समझ सकेंगे, सभी शिक्षकों को इस विद्यालय से प्रेरणा लेनी चाहिए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव चौहान, एआरपी अभिषेक तिवारी, निरुपमा सिंह, दीप्ति त्रिवेदी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सत्येंद्र श्रीवास्तव, राजीव कुमार सिंह, नरायन शुक्ल, वंदना गुप्ता, रूपेश चौधरी, ब्रजेश कठेरिया, सुषमा देवी, शुभकरण सिंह यादव, सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।