फोटो- 24- लखनऊ में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी। स्रोत: विद्यालय
पिहानी। एचसीएल फाउंडेशन की ओर से लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में पिहानी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अंबिका बक्श इंटर कॉलेज पंडरवा किला के पांच विद्यार्थियों ने खो-खो और एथलेटिक्स में स्वर्ण व रजत पदक जीतकर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। विजयी खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में 21 व 22 मार्च को खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें अंबिका बक्श इंटर कॉलेज के छात्र प्रांशु अवस्थी ने ऊंची कूद में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। वहीं, लंबी कूद में अर्पित ने रजत पदक जीता। खो-खो प्रतियोगिता में विद्यालय के हीरालाल, जावेद और जितिन ने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया। विद्यालय के शारीरिक शिक्षा अध्यापक व कोच अमित वर्मा ने बताया कि राज्य स्तर पर पदक जीतने वाले इन पांचों खिलाड़ियों का चयन अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हो गया है।
यह खिलाड़ी अगले माह गौतम बुद्धनगर यूनिवर्सिटी नोएडा में आयोजित होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। छात्रों की जीत पर विद्यालय के प्रबंधक संजीव खरे और प्रधानाचार्य सतगुरु प्रसाद वर्मा ने हर्ष व्यक्त किया। विकास शर्मा, कमलेंद्र मिश्र, अंशुल कुमार, आदित्य नारायण पांडेय और अमरजेश राम ने विजेता खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।