हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में शाहजहांपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर बैंक जा रहे साइकिल सवार अधेड़ को बेकाबू पिकअप ने कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फूलबेहटा निवासी रामकृष्ण (55) पुत्र गुलजारी खेती करता था। शनिवार दोपहर रामकृष्ण गुलामऊ गांव स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से रुपये निकालने साइकिल से जा रहा था। रास्ते में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर गुलामऊ गंाव के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। रामकृष्ण साइकिल से उछलकर सिर के बल सड़क पर जा गिरा। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के पास मिले आधार कार्ड व पास बुक में लिखे पते पर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि रामकृष्ण के परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं।