संडीला। कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ मार्ग पर नारायणपुर के निकट टैंकर की टक्कर से पिकअप चालक की मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जमकुरा निवासी मदन (26) पुत्र रोहन पिकअप चलाता था। वह रोज संडीला से सब्जी लेकर लखनऊ जाता था। रास्ते में संडीला, बेगमगंज से भी सब्जी लोड करता था। शुक्रवार तड़के वह सब्जी लादकर पिकअप से लखनऊ जा रहा था। रास्ते में नारायणपुर मोड़ पर सब्जी लोड करने के लिए रुका था।
वह पिकअप के पीछे खड़ा था, तभी हरदोई की ओर से आए टैंकर ने पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में मदन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी संडीला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। कोतवाल एसपी शुक्ला ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।