माधौगंज। भवन निर्माण सामग्री खरीदने जा रहे बुजुर्ग की रास्ता पूछने के बहाने उचक्कों ने जेब काट ली। 26,500 रुपये जेब से पार होने की जानकारी पर बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ गई। 14 अक्तूबर को हुई घटना की प्राथमिकी पुलिस ने शुक्रवार को दर्ज की।
खंधेरिया निवासी मुन्नालाल शुक्ला (76) खेती करते हैं। वह गांव में मकान का निर्माण करा रहे हैं। पुलिस से की शिकायत में उन्होंने बताया कि 14 अक्तूबर को वह भवन निर्माण सामग्री खरीदने के लिए घर से 26,500 रुपये लेकर माधौगंज आए थे। माधौगंज चौराहे के पास स्थित कुमार मेडिकल स्टोर के सामने बाइक सवार एक शख्स ने रुककर उनसे गौसगंज जाने का रास्ता पूछा। इस दौरान पीछे से आए बाइक सवार के साथी ने मुन्नालाल की जेब काटकर रुपये निकाल लिए।
इसके बाद दोनों बिलग्राम की तरफ भाग गए। जेब से रुपये गायब होने का पता चलने पर मुन्नालाल की तबीयत बिगड़ गई और वह वापस घर चले गए। शुक्रवार को थाने पहुंचकर उन्होंने मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी जय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।