हरियावां। मरीजों की सहूलियत के लिए शासन के निर्देश पर प्रत्येक रविवार को जन आरोग्य मेला का आयोजन करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरतमंदों को समुचित ढंग से इलाज मिल सके, इसके लिए जन आरोग्य मेला लगाए जा रहे हैं लेकिन हकीकत कुछ और ही है।
जन आरोग्य मेला में मरीजोंं का उपचार करने का दावा तो किया जा रहा है लेकिन जब मौके पर देखा जाता है तो वास्तविकता कुछ और ही निकलती है।
विकास खंड हरियावां में आयोजित आराेग्य मेला की हकीकत देखी गई तो सबकुछ कागजों पर ही चलता मिला। विकास खंड के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपामऊ, बखरिया, व सुमई पर आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। सुमई गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दोपहर 1 बजे देखा गया तो वहां पर ताला पड़ा मिला।
जानकारी किए जाने पर बताया गया कि पीएचसी पर चिकित्सक की तैनाती ही नहीं है। फार्मासिस्ट सच्चिदानंद श्रीवास्तव के भरोसे ही आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। जिसमें 42 मरीजों को उपचार किए जाने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा बखरिया पीएचसी पर डाॅ. नईम की उपस्थिति में आरोग्य मेला का आयोजन हुआ है। इसमें 87 मरीजों को उपचार दिया गया है और गोपामऊ पीएचसी पर चिकित्सक डॉ. विनीता ने आरोग्य मेला में 47 मरीजों को उपचार दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉक्टर राजीव रंजन ने बताया कि तीनों केंद्रों पर आरोग्य मेला का आयोजन कराया गया है। सुमई में भी आरोग्य मेला लगाया गया, वहां पर फार्मासिस्ट है और अगर उन्होंने समय से पहले पीएचसी बंद की है तो इसकी जानकारी कर उचित कार्रवाई की जाएगी।