- तिलकोत्सव में भाई की रिवाल्वर से प्रधान ने की फायरिंग
- सांडी थाना क्षेत्र के बढ़ैयनपुरवा की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई (सांडी)। बढ़ैयनपुरवा गांव में तिलकोत्सव के दौरान प्रधान ने अपने भाई की लाइसेंसी रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग कर दी। पेट में गोली लगने से अधेड़ घायल हो गया। परिजन घायल को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर ले गए हैं। पूरी घटना पर घायल के परिजन पर्दा डाले रहे।
बढ़ैयनपुरवा निवासी दिनेश पाल के पुत्र शुभम का तिलकोत्सव शनिवार रात गांव में ही था। गांव में ही रहकर खेती करने वाले राज कुमार (52) भी तिलक में शामिल होने गए थे। तिलक चढ़ाए जाने के दौरान अचानक पेट में गोली लगने से राजकुमार गिर गया। इस पर अफरा तफरी मच गई। पेट में लगी गोली आरपार हो गई है।
सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान बलराम ने अपने भाई की लाइसेंसी रिवाल्वर से तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग की थी। इसी दौरान गोली लगने से अधेड़ घायल हुआ है। पूरे मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है। अब पुलिस खुद ही इस मामले में एफआईआर सांडी थाने में दर्ज करा रही है। बलराम को गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगाई गई हैं। शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। बलराम के एक भाई को हिरासत में लिया गया है।