जनसभा को संबोधित करते पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पूर्व सांसद भाजपा नेता नरेश अग्रवाल ने कहा है कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर चंद लोग भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये तीन देशों से प्रताड़ित होकर भारत आए लोगों को नागरिकता देने का कानून है। उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों से इसके समर्थन में हाथ उठवाए और मिस्ड कॉल भी दिलवाई।
मलिहामऊ स्थित हरिशंकर मिश्र महाविद्यालय परिसर में गणतंत्र दिवस पर आयोजित जनसभा में नरेश अग्रवाल ने कहा कि हर देश में नागरिकता कानून होता है और भारत में भी 50 के दशक में ही ये कानून बन गया था। इसमें सिर्फ एक संशोधन किया गया है। कार्यक्रम को सदर सांसद जयप्रकाश, जिला प्रभारी सुधीर सिंह सिद्धू ने भी संबोधित किया।
आयोजक धनंजय मिश्र ने अतिथियों का आभार जताया। जनसभा के दौरान विभिन्न योजनाओं के पात्रों को लाभान्वित किया गया। 12 लोगों को इंदौर से आई टीम ने कृत्रिम अंग दिए। उज्ज्वला योजना के तहत 20 लोगों को निशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए। 204 नि:शक्तों को ट्राईसाइकिल वितरित की गईं। विद्यालय की पत्रिका का विमोचन कर 11 विशिष्ट छात्रों को पुरस्कृत किया गया।