समाजवादी पेंशन की शुरुआत जिले में भले ही हो गई हो,
पर अभी तक सभी शहरी क्षेत्रों व कुछ ग्रामीण क्षेत्रों से पात्रों का डाटा
फीड नहीं हुआ है। जिस पर समाज कल्याण उपनिदेशक ने नाराजगी व्यक्त की।
सोमवार को विकास भवन स्थित समाज कल्याण कार्यालय पहुंच योजनाओं की प्रगति
समीक्षा की।
समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक आरके शंकर ने सोमवार को
विभागीय कार्यालय पहुंच कर योजनाओं की समीक्षा की। समाज कल्याण अधिकारी
एसएस श्रीवास्तव के साथ कार्यालय पहुंचे उपनिदेशक ने सबसे अधिक जोर राज्य
सरकार की समाजवादी पेंशन योजना पर दिया।
उन्होंने योजना शुरू होने के बाद
से अभी तक कितने पात्रों के खाते में धनराशि का स्थानांतरण करने के बारे
में जानकारी ली, पर जिले के तमाम शहरी क्षेत्रों से अभी तक शत प्रतिशत
पात्रों के बैंक एकाउंट नंबर सहित अन्य विवरण का डाटा न आने पर नाराजगी
व्यक्त की।
डाटा न होने से अपलोडिंग का कार्य पिछड़ने पर समाज कल्याण
अधिकारी को निर्देशित किया कि वह एक सप्ताह के अंदर सभी शहरी व अवशेष
ग्रामीण क्षेत्रों से डाटा मंगवाएं और सर्वर पर अपलोड करवाएं, ताकि पात्रों
के खाते में धनराशि का स्थानांतरण कराया जा सके।
उपनिदेशक ने इसके बाद
वृद्धावस्था पेंशन की प्रगति की समीक्षा भी की। जिसमें जिले के कुछ
बुजुर्गों के खातों में अभी तक धनराशि का स्थानांतरण न होने की स्थिति पर
जानकारी प्राप्त की। समाज कल्याण अधिकारी को अवरोध दूर कर धनराशि
स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य योजनाओं के अभिलेख भी
जांचे।