फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hardoi News: अटक रही मरीजों की सांसे... वेंटिलेटर फरमा रहे आराम

विज्ञापन
फोटो 29 एचएएमपी 14- जिला अस्पताल में प्रस्तावित आईसीयू यूनिट में बंद ताला। संवाद
विज्ञापन
हमीरपुर। जिला अस्पताल में कोरोना काल में बना आईसीयू वार्ड बीते छह साल से चालू ही नहीं हो सका। स्टाफ के अभाव में वेंटिलेटर सहित अन्य मशीनें धूल फांक रही हैं। गंभीर मरीजों को हायर सेंटर रेफर कर दिया जाता है। कानपुर ले जाते समय कई बार मरीज की रास्ते में ही सांसें उखड़ जाती हैं। अस्पताल की लापरवाही से जिले की 12 लाख से अधिक की आबादी को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा।
विज्ञापन

दीवान शत्रुघ्न सिंह जिला चिकित्सालय में मौजूदा समय में रोजाना करीब 500-600 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। कोरोना काल के समय वर्ष 2020-21 में आईसीयू यूनिट स्थापित हुई थी। अस्पताल में दो वेंटिलेटर, आठ बेड व आठ मॉनिटर आए थे। आईसीयू कक्ष भी बनाया गया था जहां उपकरण लगाए गए थे। इसके बावजूद यूनिट अभी तक चालू नहीं हो सकी। इसका मुख्य कारण स्टाफ की तैनाती न होना बताया जा रहा है।
एक अनुमान के मुताबिक जिला अस्पताल से प्रतिदिन 8 से 10 गंभीर मरीज कानपुर, बांदा, झांसी या उरई रेफर किए जाते हैं लेकिन गंभीर मरीज कई बार रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। इधर सुप्रीम कोर्ट ने भी इसमें जल्द से जल्द आईसीयू वार्ड संचालित किए जाने के लिए बीते एक माह पूर्व निर्देश जारी किए थे लेकिन जिले का अभी तक आईसीयू वार्ड संचालित नहीं हो सका।
विज्ञापन

पिछले अक्तूबर माह में जिला अस्पताल का निरीक्षण करने आए जेडी स्वास्थ्य डॉ. मनीष कौशिक ने नवंबर के पहले पखवाड़े में इसका संचालन शुरू कराए जाने का दावा किया था लेकिन अभी तक इसका संचालन नहीं हो सका।
-

रास्ते में टूट रही जिंदगी की डोर
हादसों में गंभीर घायल, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को आईसीयू में भर्ती किया जाता है। स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ऐसे मरीजों की बारीकी से निगरानी करती है। मुंह से भोजन लेने में असमर्थ मरीजों के लिए ट्यूब लगाई जाती है। आईसीयू यूनिट चालू न होने से मरीजों को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा। गंभीर हालत में रेफर होने वाले कई मरीजों की जिंदगी की डोर हायर सेंटर पहुंचने से पहले ही टूट जाती है।


यूनिट संचालन के लिए जरूरी स्टाफ
जिम्मेदारों के अनुसार आईसीयू यूनिट संचालन के लिए आठ आईसीयू टेक्नीशियन, दो चेस्ट फिजिशियन, चार मेडिकल ऑफिसर, तीन एनेस्थेटिक्स, 16 वार्ड बॉय व वार्ड आया और चार सफाई कर्मचारियों की जरूरत बताई जा रही है।


बीते नौ माह में रेफर व भर्ती मरीज
माह - कुल भर्ती - रेफर


अप्रैल - 1183 - 222
मई - 1231 - 252

जून - 1272 - 299
जुलाई - 1181 - 309

अगस्त - 1235 - 337
सितंबर - 1430 - 272

अक्तूबर - 1242 - 423

स्टाफ की कमी के चलते आईसीयू संचालन में विलंब हो रहा है। जल्द से जल्द इसके संचालन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। -डॉ. आरएस प्रजापति, प्रभारी सीएमएस, जिला अस्पताल
-

आईसीयू चलाने के लिए स्टाफ की जरूरत है लेकिन यहां स्टाफ की काफी कमी है। शासन से लगातार पत्राचार किया जा रहा है। स्टाफ पूरा होते ही इसका संचालन कराया जाएगा। -डॉ. अलका शुक्ला, सीएमओ

-

नवंबर के पहले पखवाड़े में इसके संचालन की बात कही गई थी, स्टाफ की बराबर मांग की जा रही है। बेसिक तौर पर इसका संचालन करने पर कौन चिकित्सक मौत की जिम्मेदारी लेगा, शासन से इसकी मांग की जा रही है। संचालन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। -डॉ. मनीष कौशिक, जेडी स्वास्थ्य बांदा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें