श्रीनगर (महोबा)। यूरिया खाद तत्काल देने से मना करने पर दबंगों ने बहुउद्देशीय सहकारी समिति लुहेड़ी के सचिव और उनके सहायक से मारपीट कर दी। आरोप है कि दबंग खाद वितरण के निर्धारित दिन से पहले ही जबरन खाद देने की मांग कर रहे थे। सचिव ने वितरण के दिन आने की बात कही तो दोनों आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। साथ ही गांव में खाद न बांटने देने की धमकी भी दी।
ब्लॉक कबरई की सहकारी समिति लुहेड़ी के सचिव जन्मेजय ने थाने में तहरीर दी। बताया कि शनिवार को मंडी समिति में यूरिया खाद का ट्रक आया था। खाद को गोदाम में रखवाने के लिए वह मंडी के गेट पर ट्रक का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान गांव के पिता-पुत्र वहां पहुंच गए। दोनों ने तत्काल यूरिया खाद देने की मांग की। सचिव ने खाद वितरण के निर्धारित दिन आने को कहा तो दोनों गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने सचिव व उनके सहायक के साथ मारपीट कर दी। दोनों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ित सचिव ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी। उधर थानाध्यक्ष रामआसरे सरोज ने बताया कि मारपीट करने वाले पिता-पुत्र को थाने बुलाया गया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी राजीनामा हो गया।