फोटो-07- महिला चिकित्सालय में जांच क्रेंद्र खड़ी महिलाएं। संवाद
हरदोई। मेडिकल काॅलेज से संबद्ध जिला महिला अस्पताल के ब्लड कलेक्शन यूनिट के कर्मचारियों की मनमानी लगातार जारी है। शनिवार को यूनिट में रक्त नमूना देने आई महिला मरीजों की लाइन के बावजूद कर्मियों ने उन्हें लौटाना शुरू कर दिया। इस पर मरीज और उनके परिजन नाराज हो गए। अधिकारियों के निर्देश के बाद सभी के रक्त नमूने लिए गए।
जिला महिला अस्पताल में शनिवार को अवकाश के चलते ओपीडी सिर्फ 12 बजे तक होनी थी। मरीजों को परामर्श देने के बाद तमाम मरीजों के रक्त नमूनों का परीक्षण करने के लिए जांच लिखी गई। जांच के लिए मरीजों का रक्त नमूना ब्लड कलेक्शन यूनिट में लिया जाता है। दिव्यांशी, संतोषी और उर्मिला ने बताया कि करीब पौने बारह बजे यूनिट के कर्मचारियों ने आगे के कुछ मरीजों से पर्चे और कुछ रुपये जमा करा लिए और इसके बाद पीछे लाइन में लगे करीब 14 मरीजों को वापस जाने के लिए बोल दिया गया।
इस पर मरीज और उनके साथ आए परिजनों ने नाराजगी व्यक्त की। हंगामा सुनकर सुपरवाइजर शैलेंद्र भी वहां पहुंच गए। उन्होंने सीएमएस को मामले से अवगत कराया। सीएमएस डॉ. सुबोध कुमार ने उसी समय यूनिट के कर्मियों को सभी का रक्त नमूना लेने का निर्देश दिए। सुपरवाइजर ने इसके बाद खुद खड़े होकर सभी महिलाओं के रक्त नमूने निकलवाए।
यूनिट में अभी तक नहीं लगे कैमरे
हरदोई। ब्लड कलेक्शन यूनिट के कर्मचारियों पर एक बार फिर रक्त नमूना लेने में पैसे लेने का आरोप लगा है। इसके पहले भी यूनिट में पैसे जमा कराए जाने की शिकायत की गई थी। इस पर मेडिकल काॅलेज प्राचार्य ने यूनिट कक्ष में सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश दिए थे। निर्देश दिए करीब एक माह बीतने को है लेकिन अभी तक कैमरे नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में कर्मचारियों की मनमानी लगातार जारी है।