फोटो- 19- हरपालपुर कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आरोपी मां-बेटा। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के बम्हरौली गांव निवासी महिला की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। मृतका के पिता ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बम्हरौली गांव निवासी रत्नेश कुमार की पत्नी रूबी देवी ने 24 जून की रात घर में साड़ी के फंदे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम खितौली गांव निवासी रूबी के पिता महेश चंद वाजपेयी ने पति रत्नेश कुमार, सास रामादेवी, जेठ संजीव कुमार व जेठानी वीना देवी पर दहेज में डेढ़ लाख रुपये व सोने की चेन की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। आरोप लगाया था कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बेटी ने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना व आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने रविवार को आरोपी पति रत्नेश कुमार व सास रामादेवी को गिरफ्तार कर लिया। एसओ भगवान चंद्र वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। जबकि अन्य दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।