फोटो-24-हरपालपुर कोतवाली में सीओ नागेश मिश्रा को श्रद्धांजलि देते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। कोरोना संक्रमित सीओ हरियावां (सदर) नागेश मिश्रा (58) की रविवार सुबह लखनऊ पीजीआई में मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही जिले में शोक छा गया। सीओ के निधन पर हरपालपुर कोतवाली समेत कई जगह उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। दूसरी ओर भरावन विकास खंड के बंगालपुर में स्थित प्राथमिक विद्यालय की सहायक अध्यापिका की भी संक्रमण से मौत हो गई।
मूल रूप से प्रयागराज जनपद के थाना गूरपुर के ग्राम गौरीशंकर निवासी सीओ हरियावां नागेश मिश्रा को कुछ दिन से सर्दी, बुखार और जुकाम की दिक्कत थी। नौ जुलाई को समस्या बढ़ने पर वह लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में अपनी जांच कराने गए थे। उसी दिन कोरोना पॉजिटिव मिलने पर उन्हें राम मनोहर लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया था। शनिवार देर शाम हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया था और फिर प्लाज्मा थैरेपी के लिए लखनऊ पीजीआई में भर्ती कराया गया था। रविवार को उनकी प्लाज्मा थैरेपी होनी थी, लेकिन इससे पहले ही सुबह लगभग साढ़े छह बजे नागेश मिश्रा की मौत हो गई।
उधर भरावन के बंगालपुर में स्थित प्राथमिक विद्यालय की सहायक अध्यापिका प्राची श्रीवास्तव (45) भी कोरोना से जंग हार गईं। बीएसए हेमंत राव ने सहायक अध्यापिका के निधन की पुष्टि कर बताया कि नौ जुलाई को खांसी जुकाम के कारण प्राची ने लखनऊ में जांच कराई थी। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें भी लखनऊ पीजीआई में भर्ती किया गया था, जहां शनिवार को उनकी मौत हो गई। शिक्षिका के पति गोंडा में पॉलीटेकिभनक में तैनात हैं और उनके दो पुत्र हैं।
जिले में कई कोतवाली व थानों के प्रभारी रहे
हरदोई। नागेश मिश्रा 17 सितंबर 1990 को उपनिरीक्षक पद पर भर्ती हुए थे और उन्हें पहली तैनाती महाराजगंज जनपद में मिली थी। 28 अप्रैल 2006 को वह निरीक्षक पद पर प्रमोट किए गए थे और एक जनवरी 2018 को सीओ बने थे। 17 सितंबर 2013 से 24 फरवरी 2014 तक सांडी के और 22 मई 2014 से 21 अगस्त 2014 तक पिहानी के कोतवाल रहे। नागेश मिश्रा 21 अगस्त 2014 से 29 जनवरी 2016 तक शहर कोतवाल रहे थे। 29 जनवरी 2016 से 24 अक्टूबर 2016 तक बेनीगंज के कोतवाल रहे। इसके बाद 20 अक्टूबर 2018 से 17 सितंबर 2019 तक संडीला के सीओ रहने के बाद 18 सितंबर 2019 को सीओ हरियावां बने थे। कुछ समय तक वह हरपालपुर के भी सीओ रहे। उनके परिवार में पत्नी आर्या मिश्रा, दो विवाहित पुत्रियां अनीता और रिचा व पुत्र शांतनु मिश्रा हैं। उनके निधन पर एसपी अमित कुमार ने शोक जताया है। पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, सपा नेता अनिल सिंह वीरू, संजय कश्यप आदि ने भी सीओ के निधन पर शोक व्यक्त किया है।