सवायजपुर/मल्लावां। सवायजपुर और मल्लावां कोतवाली परिसर में शनिवार को हिस्ट्रीशीटरों की परेड कराई गई। इस दौरान दोनों ही स्थानों पर हिस्ट्रीशीटरों को अपराध से दूर रहने, हर माह कोतवाली आकर उपस्थिति दर्ज कराने की नसीहत दी गई।
एसपी नीरज कुमार जादौन के निर्देश पर सवायजपुर कोतवाली परिसर में शनिवार को कोतवाली के हिस्ट्रीशीटरों को उपस्थिति दर्ज कराने के लिए बुलाया गया। कोतवाली के कुल 39 हिस्ट्रीशीटरों में सिर्फ 13 ही हाजिर हुए। कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि चार हिस्ट्रीशीटर जेल में हैं, जबकि 10 हिस्ट्रीशीटर बुजुर्ग हो चुके हैं और अन्य स्थानों पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 25 हिस्ट्रीशीटरों को परेड में आना था, लेकिन 13 ही आए। इसे लेकर संबंधित बीट प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं। उधर, दूसरी ओर मल्लावां कोतवाली में भी हिस्ट्रीशीटरों की परेड हुई। कुल 84 हिस्ट्रीशीटरों में 52 हिस्ट्रीशीटर यहां मौजूद रहे। कोतवाल अनिल सैनी ने बताया कि चार हिस्ट्रीशीटर काफी बुजुर्ग हो चुके हैं, जबकि दो जेल में हैं। अन्य लोग रोजगार के सिलसिले में गैर जनपदों में हैं।