हरदोई। माधौगंज क्षेत्र के इस्माइलपुर स्थित महात्मा मंगूलाल इंटर कालेज में शनिवार को बारहवीं कामर्स विषय के प्रश्नपत्रों के पैकेट से दो पेपर गायब मिले। डीआईओएस की छापेमारी में यह गड़बड़ी उजागर हुई। इस पर केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन्हें तत्काल प्रभाव से केंद्र व्यवस्थापक के कार्य से मुक्त कर दिया गया है। डीआईओएस ने कहा कि पेपर आउट होने के मामले की जांच चल रही है।
यूपी बोर्ड की परीक्षा के तहत शनिवार को इंटरमीडिएट (कामर्स) का अर्थशास्त्र व वाणिज्य भूगोल विषय के प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा थी। डीआईओएस कमलाकर पांडेय सुबह करीब 10:15 बजे माधौगंज क्षेत्र के इस्माइलपुर स्थित महात्मा मंगूलाल इंटर कॉलेज पहुंचे और कक्षों का निरीक्षण किया। इस केंद्र पर अर्थशास्त्र व वाणिज्य भूगोल विषय के 30 छात्रों का पेपर था। इसमें से केवल 16 छात्र ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद थे।
डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक आजाद सिंह से प्रश्नपत्र के पैकेट मांगे। यहां दो पैकेटों में 15-15 प्रश्नपत्र भेजे गए थे। जांच के दौरान एक पैकेट के सभी प्रश्नपत्र बंट चुके थे। जबकि, दूसरे पैकेट का एक प्रश्न पत्र छात्र को दिया गया था। दूसरे पैकेट में सिर्फ 11 प्रश्न पत्र मौजूद थे। तीन प्रश्न पत्र कम होने पर डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक को टोका। इस पर केंद्र व्यवस्थापक अपने कक्ष में गए और करीब 20 मिनट बाद अपनी आलमारी से एक प्रश्न पत्र लेकर आए।
बाकी बचे दो प्रश्न पत्रों के बारे में वह जवाब नहीं दे सके। इस पर डीआईओएस ने उन्हें परीक्षा कार्य से मुक्त कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ कार्य में लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस संबंध में डीआईओएस का कहना है कि पैकेट में अगर प्रश्नपत्र कम थे तो केंद्र व्यवस्थापक को तत्काल उनके कार्यालय में सूचना देनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने कोई सूचना नहीं दी। इससे पेपर आउट होने की आशंका है। मामले की जांच चल रही है। केंद्र व्यवस्थापक को हटाने के साथ ही उनके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करा दी गई है। परीक्षा केंद्र को डिबार करने के लिए यूपी बोर्ड को लिखा जाएगा।