समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल एवं प्रदेश के सूक्ष्म, लधु, मध्यम उद्यम और निर्यात प्रोत्साहन विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने शहर में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में सभी का उत्साह बढ़ाया। कहा कि पंचायत प्रतिनिधि विकास कार्यों के लिए जुटे और सपा की विचारधारा को मजबूत बनाए। सपा की सरकार में समाज के हर वर्ग के हितों के लिए कार्य हो रहा है।
आर्य कन्या पाठशाला पिहानी चुंगी, लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज व परमाई लाल मिल परिसर में हुई कार्यकर्ता बैठकों में सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र की पहली इकाई के प्रतिनिधि पंचायत प्रतिनिधि होते है ऐसे में लोकतंत्र को मजबूत करने के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का कार्य इन्हीं को करना होता है। देश का मजबूत लोकतंत्र भारत की असली शक्ति है। सांसद ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार ने ग्राम विकास के लिए बड़े पैमाने पर कार्यक्रम चलाए हैं जिससे गांवों में विकास तेजी से हो रहा है।
मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि अगर किसी को विकास कार्यों को लेकर समस्या हो तो अवगत कराए उसका निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों के लिए हर स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों को सहयोग मिलेगा। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, फखरूल इस्लाम, शिशुपाल सिंह , शिव प्रकाश सिंह, समीर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, ब्लाक प्रमुख संजय मिश्रा, मिसबहाउद्दीन आदि मौजूद रहे ।