मनरेगा मजदूरों ने पंचायत मित्र पर अभद्रता और पिटाई करने का आरोप लगा नारेबाजी की। मजदूरों ने शिकायत करने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी देने की शिकायत की। ग्रामीणों ने डीएम को संबोधित पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
पिहानी की ग्राम सभा अब्दुल्ला नगर निवासी शुक्रवार को शिकायत लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि वह सभी मनरेगा के अंतर्गत मजदूरी का कार्य करते हैं। उन्होंने पंचायत मित्र की शिकायत करते हुए बताया कि पंचायत मित्र उन लोगों के साथ ठीक व्यवहार नहीं करता है। वह मजदूरों को गाली गलौज करता है और कुछ देर विश्राम करने पर मारने पीटने लगता है। उसने कई बार उन लोगाें बारी बारी से मारा है।
ऐसे में गांव के सभी मजदूर उससे पिट चुके हैं। बताया कि जब कोई विरोध भी करता है तो जातिसूचक गालियां देेकर अभद्रता करता है। बताया कि कई बार पंचायत मित्र ने उन लोगाें को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है। उन्होंने डीएम को संबोधित पत्र नगर मजिस्ट्रेट को देकर पंचायत मित्र की सेवा समाप्त करते हुए कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने सीडीओ कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर हरिनाम, धनीराम, उपदेश, पप्पू, राम रतन, महेंद्र, बटेश्वर, रमेश चंद्र आदि मौजूद थे।